Azamgarh News: अवैध रूप से संचालित साईं हॉस्पिटल सीज, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद में अवैध एवं अपंजीकृत रूप से संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ/निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा महराजगंज ब्लॉक अंतर्गत भैरव बाबा मंदिर के निकट संचालित साईं हॉस्पिटल पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान यह तथ्य सामने आया कि साईं हॉस्पिटल बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के समय अस्पताल में चिकित्सा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं का घोर अभाव पाया गया। न तो कोई वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया और न ही मानक के अनुसार प्रशिक्षित चिकित्सक व आवश्यक संसाधन उपलब्ध पाए गए।
गंभीर अनियमितताओं एवं नियमों के उल्लंघन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से साईं हॉस्पिटल को सीज कर दिया तथा प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनपद में आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना पंजीकरण एवं निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित किसी भी निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button