आजमगढ़:कालाबाजारी के लिए भेजा जा रहा सरकारी राशन ग्रामीण ने पकड़वाया

कोटेदार के घर से दुकानदार के यहां पहुंची 15 से 20 बोरी राशन की खेप, डायल 112 ने मैजिक समेत राशन थाने पहुंचाया

अहरौला/आजमगढ़। थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में कार्डधारकों के वितरण के लिए आया सरकारी राशन कथित तौर पर कालाबाजारी के लिए भेजे जाने का मामला सामने आया है। एक ग्रामीण की सक्रियता से राशन लदी मैजिक को पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस मैजिक समेत राशन को कब्जे में लेकर थाने ले गई। मामले की जांच अब पूर्ति विभाग द्वारा की जाएगी।आलमपुर गांव निवासी शैलेश चौहान ने आरोप लगाया कि गांव की कोटेदार किरन चौहान के यहां कार्डधारकों के वितरण के लिए आया राशन सोमवार को एक दुकानदार के यहां बिक्री के लिए भेजा जा रहा था। उनके अनुसार, करीब 15 से 20 बोरी राशन मैजिक में लादकर भेजा गया था। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने मैजिक का पीछा किया और दुकानदार के यहां पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।शैलेश चौहान का आरोप है कि मौके पर दुकानदार सरकारी राशन की दो बोरियों का राशन एक बोरी में भरकर उसकी सिलाई कर रहा था। बोरियों पर लगे सरकारी लेबल को भी कथित तौर पर फाड़कर अलग कर दिया गया था। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद राशन लदी मैजिक को थाने ले आई।शिकायतकर्ता ने कोटेदार पर राशन वितरण में प्रत्येक यूनिट पर करीब डेढ़ से दो किलो तक कम राशन देने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, एसडीएम और थाना अहरौला में की गई है।इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। राशन लदी एक मैजिक को थाने लाया गया है। मामले में क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी जांच कर रिपोर्ट देंगे। विभागीय शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फिलहाल राशन लदी मैजिक थाने के कब्जे में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button