Azamgarh News: मिशन शक्ति व साइबर क्राइम जागरूकता को लेकर ग्राम अजगरा मशर्की नैनीजोर में संयुक्त चौपाल का आयोजन
आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
जनपद आजमगढ़ के थाना रौनापार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सचिवालय ग्राम पंचायत अजगरा मशर्की नैनीजोर, विकास खंड हरैया में सोमवार को मिशन शक्ति अभियान एवं साइबर क्राइम जागरूकता के तहत एक संयुक्त चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के आदेशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में किया गया।
संयुक्त चौपाल का नेतृत्व थाना रौनापार से उपनिरीक्षक मधुसूदन मिश्रा ने किया, जबकि महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की ओर से प्रभारी उपनिरीक्षक वकील सिंह, उपनिरीक्षक वरूणेश कुमार मिश्र एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा से जुड़ी महत्वाकांक्षी योजनाओं, लाभकारी कार्यक्रमों तथा विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। महिला अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के विषय में उपस्थित महिलाओं, बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर महिला आरक्षी प्रथमा सरोज, महिला आरक्षी सावित्री चौधरी एवं आरक्षी विजय बहादुर सिंह द्वारा महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पम्पलेट भी वितरित किए गए।
साइबर क्राइम जागरूकता सत्र में उपनिरीक्षक प्रशांत पाण्डेय ने साइबर अपराध के नवीन तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों पर सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रकाश डाला। उन्होंने अज्ञात कॉल व संदेशों से सावधान रहने, OTP साझा न करने, फर्जी लिंक से बचने, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल भुगतान में सतर्कता, फर्जी नौकरी व लोन ऑफर से बचाव सहित कुल दस प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं वेबसाइट www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई गई।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामवासियों से अपील की गई कि वे स्वयं सतर्क रहें, डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतें तथा अपने परिवार एवं आस-पास के लोगों को महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। चौपाल में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही और कार्यक्रम को उपस्थित लोगों से अत्यंत सकारात्मक एवं सराहनीय प्रतिक्रिया प्राप्त हुई।



