Azamgarh district के दो थानों में पुलिस मुठभेड़, गोकशी में संलिप्त 4 अभियुक्त गिरफ्तार
Police encounter in two police stations of Azamgarh district, 4 accused involved in cow slaughter arrested

आजमगढ़, 05 मार्च 2026। जनपद के निजामाबाद और फूलपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों में गोकशी से जुड़े चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, चापड़ और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
निजामाबाद में हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर घायल, साथी फरार
थाना निजामाबाद क्षेत्र के नेवादा पुल के पास 4 मार्च की रात करीब 10:25 बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि गोवध निवारण अधिनियम के एक मुकदमे में वांछित मेराज अपने साथी नासिर के साथ बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से छुट्टा पशुओं की तलाश में जा रहा है।पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में मेराज के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी नासिर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।घायल मेराज को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट), एक मोबाइल फोन और ₹840 नकद बरामद हुए हैं।पुलिस के मुताबिक, मेराज एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगेस्टर एक्ट समेत 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस संबंध में थाना निजामाबाद में मु0अ0सं0 59/2026 धारा 109 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार अभियुक्त की तलाश में दबिश दी जा रही है।

फूलपुर में मुठभेड़ के बाद तीन गिरफ्तार, एक घायल
दूसरी घटना 5 मार्च की तड़के करीब 2:15 बजे थाना फूलपुर क्षेत्र के ग्राम मुडियार स्थित शाहिदा सुल्ताना स्कूल के पास हुई। ग्राम कौड़िया (कुंवर नदी) में प्रतिबंधित पशु अवशेष मिलने के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।पुलिस के अनुसार, संदिग्धों को रोकने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी मो. आमिर घायल हो गया। मौके से कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो चापड़ और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से गोवंश पकड़कर अवैध वध और मांस बिक्री की बात स्वीकार की है।इस मामले में मु0अ0सं0 75/26 धारा 3(5)/109(1)/351(3)/352 बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अभियान जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में अपराध और गोतस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।



