Azamgarh News: रहस्यमय हालात में महिला शिक्षिका की मौत, पुलिस ने शव लिया कब्जे में

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में एक महिला शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अंतिम संस्कार से पहले ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलरियागंज थाना क्षेत्र के राहुल नगर वार्ड में किराए के मकान में रह रही 32 वर्षीय नीतू यादव ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नीतू यादव पुत्री वीरेंद्र यादव मूल रूप से महराजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम युसुफपुर की रहने वाली थीं। वह अपने पति रामकृष्ण यादव और एक छोटी पुत्री के साथ बिलरियागंज में किराए के मकान में रहती थीं। बताया जा रहा है कि नीतू यादव अम्बेडकर नगर जनपद में अध्यापक के पद पर कार्यरत थीं। बताया जाता है कि सोमवार सुबह नीतू यादव ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पति रामकृष्ण यादव शव को अपने पैतृक गांव रौनापार थाना क्षेत्र के छोटी हरैया ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था।
इसी बीच घटना की सूचना मृतका के चाचा को मिली, जिन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर बिलरियागंज थाने ले आई। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार नीतू के पति रामकृष्ण यादव ने ही उनकी पढ़ाई में काफी सहयोग किया था और दोनों बिलरियागंज में रहकर जीवनयापन कर रहे थे। दंपति की एक छोटी बेटी भी है।पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button