Azamgarh News: दो दिन से लापता इंटर के छात्र का शव तमसा नदी में मिला, इलाके में मचा हड़कंप

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ सिधारी क्षेत्र में दो दिन से लापता एक इंटरमीडिएट के छात्र का शव मंगलवार को सिधारी थाना क्षेत्र में तमसा नदी से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सिधारी थाना क्षेत्र के निवासी रामप्रताप सिंह का 17 वर्षीय पुत्र नमन प्रताप सिंह इंटरमीडिएट का छात्र था। वह आठ मार्च को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मंगलवार दोपहर शहर कोतवाली क्षेत्र के मछली मंडी के पास तमसा नदी में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव उतराता हुआ देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। बाद में शव की पहचान लापता छात्र नमन प्रताप सिंह के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता रामप्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी की कार्यसमिति के सदस्य भी हैं।
क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने बताया कि सोमवार को रामप्रताप सिंह ने अपने 17 वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना दी थी, जिस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मंगलवार को तमसा नदी से शव बरामद हुआ है। मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ फील्ड यूनिट की टीम भी पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।



