आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जमीनी विवाद में फायरिंग करने वाला हिस्ट्रीशीटर एहसान खान गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर शोषण करने वाला आरोपी भी दबोचा
Azamgarh police take major action: History-sheeter Ehsan Khan arrested for firing in a land dispute, accused of exploiting woman on pretext of marriage also nabbed

आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को दो महत्वपूर्ण सफलताएँ मिली हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश चौबे के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने जमीनी विवाद में फायरिंग और मारपीट के मामले में वांछित 31-A हिस्ट्रीशीटर एहसान खान को गिरफ्तार किया है, वहीं शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया। दोनों मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जमीनी विवाद में फायरिंग करने वाला एहसान खान गिरफ्तार
सरायमीर थाना क्षेत्र के ग्राम छित्तेपुर में 11 मार्च को जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग और मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में थाना सरायमीर पर मुकदमा संख्या 63/2026 धारा 3(5), 109(1) बीएनएस तथा 3/5/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत दोनों पक्षों के कई लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश चौबे के निर्देशन में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 12 मार्च की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नन्दांव मोड़ के पास चाय की दुकान के समीप खड़े एहसान खान पुत्र स्व. मतिउद्दीन निवासी छित्तेपुर थाना सरायमीर को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्त थाना सरायमीर का 31-A हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, लोक संपत्ति क्षति तथा महामारी अधिनियम समेत कुल 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
शादी का झांसा देकर शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार
एक अन्य कार्रवाई में सरायमीर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दो वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने और उसके जेवरात हड़पने के आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना सरायमीर पर मुकदमा संख्या 66/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत सौरभ अस्थाना उर्फ आयूष अस्थाना पुत्र राजन अस्थाना निवासी फत्तनपुर थाना सरायमीर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश चौबे के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 12 मार्च को ही आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की सक्रियता की सराहना
दोनों मामलों के सफल अनावरण पर क्षेत्र में सरायमीर पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश चौबे ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इन कार्रवाइयों में उपनिरीक्षक उदय बहादुर यादव, उपनिरीक्षक विद्याकांत सिंह, कांस्टेबल सौरभ पांडेय, कांस्टेबल शशिकांत तिवारी तथा महिला कांस्टेबल ममता सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



