Azamgarh News: मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन का उपयोग बढ़ाने की अपील

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन का उपयोग बढ़ाने की अपील

आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को गंभीर बताते हुए जनपदवासियों से टेली-मानस हेल्पलाइन के अधिक उपयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा संचालित टेली-मानस हेल्पलाइन (टोल फ्री नंबर 14416) का जनपद में अपेक्षित स्तर पर उपयोग नहीं हो पा रहा है, जबकि हाल ही में जारी प्रदेश स्तरीय रिपोर्ट में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई है।
सीएमओ ने बताया कि वर्तमान समय में लोगों में मानसिक तनाव, अवसाद और मानसिक दबाव से जुड़ी समस्याओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे में टेली-मानस हेल्पलाइन लोगों को घर बैठे विशेषज्ञों से निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त करने का बेहतर माध्यम उपलब्ध कराती है।
उन्होंने बताया कि 14416 नंबर पर कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और बातचीत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से देश के अनुभवी मनोचिकित्सक और काउंसलर समस्याओं को सुनकर उचित मार्गदर्शन देते हैं। सामान्यतः निजी क्लिनिक में परामर्श लेने पर लोगों को शुल्क देना पड़ता है, जबकि इस सेवा के जरिए यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।
डॉ. वर्मा ने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि वे मानसिक तनाव, अवसाद या किसी भी प्रकार की मनोवैज्ञानिक समस्या से जूझ रहे हों तो टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 का अधिक से अधिक उपयोग करें। साथ ही इसकी जानकारी अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।
उन्होंने जनपद के समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों से भी इस महत्वपूर्ण सेवा के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करने की अपील की, ताकि अवसाद जैसी समस्याओं से जूझ रहे युवाओं को समय रहते विशेषज्ञों से गोपनीय और उचित परामर्श मिल सके तथा वे स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जी सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button