Azamgarh News: बिलरियागंज में मासिक संकुल बैठक आयोजित, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
बिलरियागंज में मासिक संकुल बैठक आयोजित, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आजमगढ़ जनपद के शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय नसीरपुर के प्रांगण में मंगलवार को मासिक संकुल बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक प्रधानाध्यापक कपिल देव सिंह रहे। मुख्य अतिथि के रूप में डायट के प्राचार्य अमरनाथ राय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षाधिकारी बिलरियागंज जगदीश यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा सरस्वती गीत एवं स्वागत गीत के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर डायट प्राचार्य अमरनाथ राय ने बच्चों के समग्र विकास एवं विद्यालय में आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किन-किन बातों का ध्यान रखा जाना चाहिए। वहीं खंड शिक्षाधिकारी जगदीश यादव ने स्कूल रेडीनेस कार्यक्रम, नामांकन बढ़ाने तथा शैक्षिक गुणवत्ता सुधार जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन जयहिंद सिंह द्वारा किया गया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक कपिल देव सिंह, राशिद अली, संगीता मिश्रा, मालती यादव, संगीता राय, नेहा सिंह, सुचिता यादव, एसआरजी जयशंकर सिंह, महेंद्र पुरी, उपेंद्र कुमार शुक्ला, अमित कुमार राय, सूर्यभान यादव, अनिल श्रीवास्तव, सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव, विनय सिंह, विवेक सिंह सहित न्याय पंचायत के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।



