Azamgarh News: स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन,अवैध जच्चा-बच्चा केंद्र पर चली सील की कार्रवाई

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन,अवैध जच्चा-बच्चा केंद्र पर चली सील की कार्रवाई

आजमगढ़ जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और अवैध अस्पतालों पर शिकंजा कसने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायमीर क्षेत्र में संचालित एक अवैध जच्चा-बच्चा केंद्र को सील कर दिया गया।
जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में डिप्टी सीएमओ/नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम प्रतिष्ठान) डॉ. आलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने पूना पोखर स्थित ‘माँ सरस्वती जच्चा-बच्चा केंद्र’ का औचक निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि यह केंद्र बिना किसी वैध पंजीकरण और आवश्यक मानकों के पूरी तरह अवैध रूप से संचालित हो रहा था।
निरीक्षण के दौरान एक गंभीर मामला भी उजागर हुआ, जिसमें एक महिला के सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरतने और आंतरिक अंगों को क्षति पहुँचाने की शिकायत सामने आई। साथ ही केंद्र में न तो पर्याप्त चिकित्सकीय उपकरण मौजूद थे और न ही प्रशिक्षित स्टाफ एवं आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध थीं।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से केंद्र को सील कर दिया और संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button