Azamgarh News: परिषदीय विद्यालय के छात्र हिमांशु मौर्य की बड़ी उपलब्धि, हवाई जहाज से करेगा श्रीहरिकोटा की शैक्षिक यात्रा

जहानागंज आज़मगढ शिक्षा क्षेत्र जहानागंज स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय जहानागंज के छात्र हिमांशु मौर्य ने अपनी प्रतिभा के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान 2025-26 के अंतर्गत जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर हिमांशु का चयन हवाई जहाज से सतीश धवन स्पेस सेंटर, श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश) की एक्सपोजर विजिट के लिए हुआ है।
यह कार्यक्रम राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो छात्र-छात्राओं को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण कराया जाता है। इसी क्रम में गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के 10 जिलों से चयनित छात्र-छात्राओं को सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) गोरखपुर के नेतृत्व में श्रीहरिकोटा ले जाया जाएगा।
इस शैक्षिक यात्रा की शुरुआत 23 मार्च से होगी और 27 मार्च को वापसी निर्धारित है। आजमगढ़ जनपद से हिमांशु मौर्य (उच्च प्राथमिक विद्यालय जहानागंज) और शिशुपाल (कंपोजिट विद्यालय भरौली कोकिलपार, अजमतगढ़) का चयन किया गया है। दोनों छात्र अपने गाइड शिक्षकों के साथ हवाई यात्रा करेंगे, जो उनके लिए एक प्रेरणादायक अनुभव होगा।
हिमांशु मौर्य पहले भी कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अलावा मैथ ओलंपियाड, स्पेल बी प्रतियोगिता और इंस्पायर अवार्ड में भी वह जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा (NMMS) में 180 में से 170 अंक प्राप्त कर उन्होंने जनपद में प्रथम तथा प्रदेश की मेरिट सूची में तृतीय स्थान हासिल किया है।
इस उपलब्धि के तहत हिमांशु को ₹12,000 प्रतिवर्ष की दर से चार वर्षों तक कुल ₹48,000 की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। उनकी इस सफलता से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है।
हिमांशु की इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि परिषदीय विद्यालयों के छात्र भी अपनी मेहनत और लगन से बड़ी ऊंचाइयों को छू सकते हैं। बच्चों के इस प्रगति में डाक्टर विवेक सिंह का विशेष योगदान रहा है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button