Azamgarh News: डीजल-पेट्रोल के लिए मची अफरा-तफरी, गैलन-ड्रम लेकर उमड़ी भीड़; प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

डीजल-पेट्रोल के लिए मची अफरा-तफरी, गैलन-ड्रम लेकर उमड़ी भीड़; प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत गुलवा नसीरपुर स्थित किसान सेवा केंद्र फ्यूल सेंटर पर डीजल और पेट्रोल के लिए भारी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। बुधवार से ही शुरू हुई भीड़ गुरुवार को और अधिक बढ़ गई, जहां सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी गाड़ियों के साथ लाइन में लगे नजर आए। हालात ऐसे हो गए कि लोग 20 लीटर से लेकर 220 लीटर तक के गैलन और ड्रम लेकर तेल भरवाने की होड़ में जुट गए।
मौके पर पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों ने देखा कि पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें लगी हुई थीं और उपभोक्ताओं के बीच जल्द से जल्द तेल लेने की होड़ मची थी। बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए मामले की सूचना तत्काल सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष शर्मा को दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने पेट्रोल पंप प्रबंधन को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में गैलन या ड्रम में तेल न दिया जाए, अन्यथा पंप को तत्काल सील कर दिया जाएगा।
प्रशासन के निर्देश के बाद पेट्रोल पंप के मैनेजर धीरज राय ने गैलन और ड्रम लेकर आए ग्राहकों को तेल देने से साफ मना कर दिया। इस फैसले के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों में नाराजगी और आक्रोश भी देखने को मिला, लेकिन व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बरती गई।
इस संबंध में प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जनपद में तेल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि जिले में प्रतिदिन लगभग 700 केएल पेट्रोल-डीजल की खपत होती है, जबकि वर्तमान में करीब 3300 केएल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि आगे भी नियमित रूप से आपूर्ति जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से तेल का भंडारण न करें और केवल अपनी आवश्यकता के अनुसार ही वाहन में ईंधन भरवाएं। साथ ही चेतावनी दी कि गैलन या ड्रम में तेल ले जाना प्रतिबंधित है और ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की सख्ती के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं, हालांकि लोगों में अभी भी जल्दबाजी और आशंका के चलते भीड़ का दबाव बना हुआ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button