Azamgarh News: पी.एन.एस. मेमोरियल स्कूल छपरा सुल्तानपुर का भव्य वार्षिकोत्सव सम्पन्न

पी.एन.एस. मेमोरियल स्कूल छपरा सुल्तानपुर का भव्य वार्षिकोत्सव सम्पन्न
‘प्रविज्ञा कौशलम्’ में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, मेधावियों को सम्मान, 20 वर्ष की उपलब्धियों का हुआ गौरवपूर्ण प्रदर्शन
आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत छपरा सुल्तानपुर स्थित पी.एन.एस. मेमोरियल स्कूल का वार्षिकोत्सव समारोहपूर्वक आयोजित किया गया। विद्यालय के स्थापना के 20 वर्ष पूर्ण होने पर ‘प्रविज्ञा कौशलम्’ कार्यक्रम के रूप में आयोजित इस भव्य उत्सव में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया तथा वार्षिक परीक्षा परिणाम का वितरण कर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ, जिसके बाद भारत दर्शनम्, शौर्य प्रवाह, अर्धनारीश्वर सहित विभिन्न प्रस्तुतियों ने खूब सराहना बटोरी। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का मुख्य अतिथि द्वारा अवलोकन किया गया तथा बच्चों से उनके प्रोजेक्ट्स पर संवाद भी किया गया।
मुख्य अतिथि अपर जिला जज प्रथम अंबेडकर नगर रामविलास सिंह ने छात्रों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और बच्चों का यह प्रयास सराहनीय है। विशिष्ट अतिथि शिवदास सिंह (संयुक्त केंद्रीय मंत्री, विश्व हिंदू परिषद) ने शिक्षा के मूल स्वरूप को पुनर्स्थापित करने पर बल दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा की।
पूर्व सांसद डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनके निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। भाजपा नेता प्रवीण सिंह एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल सहित अन्य वक्ताओं ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए निरंतर प्रगति की कामना की।
विद्यालय के प्रबंधक रामनारायण सिंह ने संस्था की 20 वर्षों की यात्रा को विस्तार से प्रस्तुत किया। प्रबंध निदेशक ऋषि नारायण सिंह एवं प्रिंसिपल प्रमोद यादव द्वारा मुख्य अतिथियों व विशिष्ट जनों का सम्मान किया गया। साथ ही उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों व अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं—वान्या सिंह, भूमि सिंह, हार्दिक शुक्ला, संजना प्रजापति, आकर्षित, राजवीर सिंह, आदर्श, आर्यन मौर्य एवं देवांश—को प्रथम पुरस्कार देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिनकी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। देर शाम तक चले इस भव्य आयोजन में हजारों की संख्या में अभिभावक एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजमतगढ़ अजय साहनी, रामसागर सोनी, राजेंद्र यादव (प्रबंधक सर्वोदय पब्लिक स्कूल), रमाकांत वर्मा, रमाकांत यादव, सिद्धिनाथ शाही, अवलेंद्र सिंह, रामसेवक सिंह, विवेक सिंह सोनू, भानु प्रताप सिंह, हौलदार सिंह, दिवाकर सिंह, तेज प्रताप पांडे, टप्पू सिंह, सदावृक्ष पांडे सहित विद्यालय के शिक्षकगण व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



