AZAMGARH News :लंबित मानदेय भुगतान को लेकर जिलाधिकारी सख्त, सभी विभागों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश
Azamgarh News: District Magistrate strict regarding pending honorarium payment, instructions to all departments to ensure prompt payment

आजमगढ़, 16 अप्रैल 2026,जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के लंबित मानदेय/भुगतान के संबंध मे महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के लंबित भुगतान की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया तथा शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि आशा , रसोइया, सफाई कर्मचारी, कृषि विभाग के एटीएम एवं बीटीएम, नगरीय निकायों के सफाई कर्मचारी, विद्युत विभाग, श्रम विभाग, उद्योग विभाग, स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े लाभार्थी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों के लंबित मानदेय के भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने सभी संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए कि कर्मचारियों की समस्याओं एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी निस्तारण किया जाए तथा लंबित वेतन/मानदेय का भुगतान अविलंब सुनिश्चित कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि मानदेय/वेतन में अनावश्यक विलंब कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित करता है, जिससे कार्यक्षमता पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है, अतः इस विषय को अत्यंत गंभीरता से लिया जाए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए भुगतान में आ रही बाधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों से लंबित प्रकरणों का तत्काल समाधान कर समयबद्ध तरीके से भुगतान प्रक्रिया पूर्ण की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए विभागीय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) गंभीर सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) राहुल विश्वकर्मा, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



