Azamgarh News:अतरौलिया के होनहारों ने बढ़ाया आज़मगढ़ का मान, यूपी बोर्ड रिज़ल्ट में टॉप 10 में बनाई जगह
Azamgarh News: Atraulia's talented students have brought glory to Azamgarh, securing a place in the top 10 in the UP Board results.

अतरौलिया के होनहारों ने बढ़ाया आज़मगढ़ का मान, यूपी बोर्ड रिज़ल्ट में टॉप 10 में बनाई जगह
आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया ब्लॉक के विद्यार्थियों ने इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले के टॉप 10 में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। हाई स्कूल और इंटरमीडिएट दोनों ही स्तर पर छात्रों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
हाई स्कूल वर्ग में रामपुर निवासी अंश यादव ने 576/600 अंक (96%) हासिल कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया। आर एल मेमोरियल हाई स्कूल, कनैला के छात्र अंश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया।
इसी क्रम में लोदी किसान इंटर कॉलेज, महादेवपुर की छात्रा अपेक्षा यादव ने 571/600 अंक (95.1%) के साथ जिले में आठवां स्थान प्राप्त किया। बांसेपुर डड़वा की रहने वाली अपेक्षा का सपना भविष्य में अध्यापक बनने का है।
उसी विद्यालय की प्रीति यादव ने भी 571/600 अंक (95.1%) लाकर आठवां स्थान हासिल किया। हरिरामपुर सेनपुर निवासी प्रीति आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं।
श्रेया गुप्ता ने 570/600 अंक (95%) के साथ जिले में नौवां स्थान प्राप्त कर परिवार का नाम रोशन किया। उनका लक्ष्य भी आईएएस बनकर देश सेवा करना है।
इंटरमीडिएट वर्ग में भी अतरौलिया के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जद्दोपुर निवासी स्तुति मिश्र ने 452/500 अंक (90.4%) प्राप्त कर जिले में सातवां स्थान हासिल किया। श्री राम अवतार यादव इंटर कॉलेज, गोईजी की छात्रा स्तुति का सपना शिक्षक बनने का है।
वहीं गोईजी निवासी श्रेया यादव ने 447/500 अंक (89.4%) के साथ जिले में आठवां स्थान प्राप्त किया। उनका लक्ष्य आगे चलकर डॉक्टर बनना है।
इन सभी विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। अतरौलिया क्षेत्र में इन होनहार छात्रों की उपलब्धि से खुशी और गर्व का माहौल है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।



