AZAMGARH News:श्रमिक दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित
लखनऊ में आयोजित श्रमवीर गौरव समारोह 2026 एवं श्रमिक कल्याण की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम का जनपद में हुआ सजीव प्रसारण

आजमगढ़ 01 मई :अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित ‘श्रमवीर गौरव समारोह–2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ESIC हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के लिए भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए गए तथा श्रमिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर प्रदेश के श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा तंत्र को और सुदृढ़ किया गया। उपर्युक्त कार्यक्रम का जनपद आजमगढ़ में लाइफ लाइन एजुकेशन इंस्टिट्यूट समेंदा में सजीव प्रसारण किया गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि अपने परिश्रम से उत्तर प्रदेश को भारत के अनलिमिटेड पोटेंशियल का प्रदेश बनाने वाले सभी श्रमिक बहनों और भाइयों को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन। हमारा श्रमिक जिस भी क्षेत्र में काम करता है… सर्दी, गर्मी, बरसात, आंधी, तूफान या लू… कुछ भी हो, वह न रुकता है, न थकता है, न डिगता है। आपके पसीने की एक-एक बूंद जब धरती पर पड़ती है, तो यह धरती माता सोना उगलती है।कार्यक्रम के दौरान अटल आवासीय विद्यालय के प्रथम बैच के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं टैबलेट प्रदान किए गए। साथ ही प्रयागराज और वाराणसी के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों तथा अपने श्रम से देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि हमने प्रदेश के 18 कमिश्नरी में एक-एक अटल आवासीय विद्यालय बनाए हैं, जहां प्रत्येक विद्यालय में 1,000 बच्चों के पढ़ने की व्यवस्था है। अब श्रमिक का बच्चा श्रमिक नहीं रहेगा, बल्कि वह भी अधिकारियों की श्रेणी में खड़ा होगा, इसी परिवर्तन की प्रक्रिया यहां से प्रारंभ हुई है।उप श्रमायुक्त आजमगढ़ क्षेत्र राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जनपद आजमगढ़ के लिए गौरव का विषय है कि अटल आवासीय विद्यालय आजमगढ़ की कक्षा 10 की मेघावी छात्रा अंशिका यादव को मा.मुख्यमंत्री जी ने अपने हाथों से प्रमाण पत्र व टैबलेट प्रदान कर उज्जवल भविष्य की कामना किया।उप श्रमायुक्त द्वारा श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा आवेदन प्रक्रिया एवं उससे मिलने वाले लाभों पर भी प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम के दौरान उप श्रम आयुक्त ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के महत्व को बताते हुए श्रमिकों को उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपना श्रम पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बीमा, पेंशन एवं आवास जैसी सुविधाएं श्रमिकों के जीवन को सुरक्षित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।कार्यक्रम में श्रमिकों को सुरक्षित कार्य वातावरण, न्यूनतम मजदूरी, निर्धारित कार्य समय तथा महिलाओं एवं बाल श्रमिकों के अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल सहभागिता की गई, जिसमें श्रमिक कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को सभी ने सुना। श्रम विभाग आजमगढ़ द्वारा विभिन्न योजनाओं में सतत श्रमिकों को आच्छादित कर लाभान्वित किया जा रहा है।



