Azamgarh News: महाराणा प्रताप जयंती पर मातृशक्ति सम्मान समारोह आयोजित, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
महाराणा प्रताप जयंती पर मातृशक्ति सम्मान समारोह आयोजित, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
आजमगढ़ जनपद में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जन्म जयंती के अवसर पर आजमगढ़ जनपद के गरुड़ होटल सभागार में राणा प्रताप सेना द्वारा भव्य मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज, शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के त्याग, वीरता और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी समाज को संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि मातृशक्ति समाज की आधारशिला है और महिलाओं के सम्मान के बिना एक सशक्त समाज की कल्पना अधूरी है। कार्यक्रम में महिलाओं की उपलब्धियों और समाज में उनकी बढ़ती भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर विजेंद्र सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं बल्कि स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। ऐसे में मातृशक्ति का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष हेमंत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, जिला अध्यक्ष सुरेश सिंह सहित एसके सिंह, डॉ. लल्लन राय, गुलाब राय, वीरेंद्र कुमार चौबे समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान देशभक्ति और वीरता से जुड़े नारों से पूरा सभागार गूंज उठा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ किया गया।



