पत्नी की हत्या कर खाटूश्याम चला गया पति, तीन दिन बाद बदबू से खुला राज

Husband Murders Wife in Behror and Flees to Khatu Shyam; Crime Uncovered Three Days Later Due to Foul Odor

राजस्थान के बहरोड़ क्षेत्र के मांडण थाना इलाके में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति ने पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को कमरे में बंद कर ट्रेन से खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए चला गया। तीन दिन बाद घर से बदबू आने पर घटना का खुलासा हुआ। गांव लौटते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 

नीमराणा एडिश्नल एसपी सुरेश खींची ने बताया कि 10 मई को सूचना मिली थी कि महतावास गांव में एक मकान से बदबू आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर बेड पर 36 वर्षीय मोनिका का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। कमरे की दीवारों और जमीन पर भी खून के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नीमराना सीएचसी में पोस्टमॉर्टम कराया।

 

जांच में सामने आया कि मोनिका की हत्या 7 मई की रात उसके पति कपिल सेन ने की थी। वारदात के बाद आरोपी घर बंद कर फरार हो गया था। 12 मई को गांव लौटने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

 

मृतका के भाई पवन सैन ने 10 मई को मांडण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। पवन ने बताया कि उसकी बहन मोनिका और दूसरी बहन भारती की शादी वर्ष 2009 में महतावास गांव के दो भाइयों कपिल और गजेंद्र के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों बहनों को दहेज के लिए परेशान किया जाता था। बाद में भारती अपने पीहर लौट आई, जबकि मोनिका ससुराल में ही रह रही थी।

परिजनों के अनुसार आरोपी कपिल शराब पीने का आदी था और आए दिन मोनिका के साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर मोनिका अपनी दो बेटियों के साथ हरियाणा के रेवाड़ी जिले के कापड़ीवास में रहने लगी थी और एक फैक्ट्री में काम करती थी। हालांकि पुश्तैनी काम और पारिवारिक कार्यक्रमों के चलते वह समय-समय पर गांव आती रहती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button