Azamgarh News: अतरौलिया में करंट लगने से किसान की मौत, खेत की सिंचाई करने गया था युवक

अतरौलिया में करंट लगने से किसान की मौत, खेत की सिंचाई करने गया था युवक

आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोहरपुर गांव में बुधवार सुबह खेत की सिंचाई करने गए एक किसान की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, गोहरपुर गांव निवासी अनिल सिंह (45) पुत्र स्वर्गीय रविंद्र सिंह बुधवार सुबह करीब छह बजे खेत की सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे। वहां अनिल सिंह खेत में मृत अवस्था में पड़े मिले। परिजनों के अनुसार सिंचाई के दौरान वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी मधु सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में एक पुत्र अमन सिंह (24) और पुत्री मुस्कान (21) हैं।

मृतक के पुत्र अमन सिंह ने बताया कि उनके पिता खेती-किसानी का कार्य करते थे और रोज की तरह बुधवार सुबह खेत की सिंचाई करने गए थे। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिवार के लोग खेत पर पहुंचे, जहां वह मृत अवस्था में मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता रमाकांत मिश्रा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अनिल सिंह भाजपा के पुराने एवं निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन पार्टी की सेवा और विचारधारा को मजबूत करने में समर्पित किया। उनका निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button