Azamgarh News: भीषण गर्मी में बिजली विभाग का बड़ा चेकिंग अभियान, बाईपास पकड़ने पर कटी लाइन

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
भीषण गर्मी में बिजली विभाग का बड़ा चेकिंग अभियान, बाईपास पकड़ने पर कटी लाइन
आजमगढ़ शहर में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते विद्युत लोड को देखते हुए बिजली विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते दबाव के कारण बार-बार ट्रिपिंग और फाल्ट की समस्या सामने आ रही है, जिससे आम जनता के साथ-साथ विभागीय अधिकारी भी परेशान हैं। इसी को लेकर बिजली विभाग के मुख्य अभियंता बाबूराम के आदेश पर शहर भर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में मोहल्ला सदावर्ती में विद्युत विभाग की टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। विद्युत उपखंड अधिकारी उपेंद्र कुमार एवं अवर अभियंता अपनी पूरी टीम के साथ क्षेत्र में पहुंचे और कई घरों की जांच की। चेकिंग के दौरान राधेमोहन गोयल पुत्र हरिओम गोयल के घर पर विद्युत बाईपास पकड़ा गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ता पर लगभग 2 लाख 23 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया था।
एसडीओ उपेंद्र कुमार द्वारा मौके पर जांच कराए जाने पर बाईपास की पुष्टि हुई, जिसके बाद पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए अवैध तार को काट दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
अभियान के दौरान दर्जनों घरों की जांच की गई, जहां कई उपभोक्ताओं को तत्काल बकाया बिजली बिल जमा करने के निर्देश दिए गए। विभागीय अधिकारियों ने साफ कहा कि बिजली चोरी और बकाया बिल को लेकर आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
गर्मी के इस दौर में जहां एक ओर बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली चोरी और बकाया बिल विभाग की परेशानी बढ़ा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मरों पर ओवरलोड कम करने और आम जनता को बेहतर विद्युत आपूर्ति देने के लिए ऐसे अभियान जरूरी हैं।



