Azamgarh news :जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने गंगा दशहरा,बकरीद त्यौहारों को सकुशल शांतिपूर्ण, संपन्न कराने के दृष्टिगत धर्म गुरुओं, संभ्रांतजनों के साथ की पीस कमेटी की बैठक

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने गंगा दशहरा,बकरीद त्यौहारों को सकुशल शांतिपूर्ण, संपन्न कराने के दृष्टिगत धर्म गुरुओं, संभ्रांतजनों के साथ की पीस कमेटी की बैठक

परंपरागत ढंग से मनाए त्यौहार, किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करें -जिलाधिकारी 

किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न दी जाए तथा कोई भी कुर्बानी खुले में न हो- एसएसपी

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार के संयुक्त अध्यक्षता में हरिऔध कला केंद्र में आगामी गंगा दशहरा, बकरीद त्यौहारों को सकुशल शांतिपूर्ण, भाईचारे, प्रेम, एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए समस्त उप जिलाधिकारी,क्षेत्राधिकारी पुलिस,थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी, संबंधित विभागीय अधिकारी एवं जनपद के प्रत्येक थाना क्षेत्र से आए हुए पीस कमेटी के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की गई।

जिलाधिकारी ने कहा की सभी उप जिलाधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित करते हुए पीस कमेटी की बैठक सुनिश्चित कर लें।जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं नगर पालिका तथा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों एवं अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को गंगा दशहरा के दिन लगने वाले मेले / स्नान पर्व को देखते हुए सभी नदी एवं बड़े तालाबों के तटों पर स्थित घाटों एवं मंदिरों की साफ सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चंद्रमा ऋषि, दुर्वासा ऋषि, दत्तात्रेय, भैरवनाथ मंदिर, शंकर मंदिर सहित घाटों पर जाने वाले मार्गाे एवं मंदिर मार्गों की सफाई एवं चूना छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नदी घाटों की गहराई को देखते हुए गोताखोर, रस्सी, नाव आदि की व्यवस्था स्नान वाले दिन सुनिश्चित करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रयोग में लाया जा सके।

जिलाधिकारी ने ईद उल अजहा (बकरीद) के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए धर्मगुरु, प्रबुद्धजनों एवं संभ्रान्त नागरिकों से सहयोग का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि त्यौहार में किसी प्रकार की नई परंपरा की शुरूआत नही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न दी जाए तथा कोई भी कुर्बानी खुले में न हो। सूअर को बाड़े कें अंदर बंद रखा जाए। ड्रिंक एंड ड्राइव व ओवर स्पीड ना करें।

जिलाधिकारी ने समस्त धर्म गुरुओं से अपील करते हुए कहा कि लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करें तथा किसी भी प्रकार की सोशल मीडिया की अफवाहों से दूर रहे, जिससे त्यौहार शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो। उन्होंने कहा कि यदि कोई सोशल मीडिया के माध्यम से गलत अफवाह फैलता है तो तत्काल उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि कुर्बानी के उपरांत अपशिष्ट/अवशेष पदार्थों को खुले में न डाला जाए। उन्होंने कहा कि अपशिष्ट पदार्थों को निर्धारित गहराई तक गड्ढा खोदकर डिस्पोजल करें।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि नमाज के मुख्य मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर झुके विद्युत पोल एवं जर्जर विद्युत तारों को समय रहते दुरुस्त करना सुनिश्चित करें तथा त्यौहार के समय विद्युत आपूर्ति निर्वाध संचालित रहे। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में साफ सफाई की विशेष व्यवस्था रहे। उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मंदिर एवं मस्जिदों के पास प्रत्येक दशा में साफ सफाई कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारियों को जो जिम्मेदारी दी गई है, वह अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हुए त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने में अपनी भूमिका का निर्वहन करें, इन कार्यों में किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार ने बकरीद के त्यौहार को परंपरागत रूप से मनाये जाने के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शांति-सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों को आवश्यक धाराओं में समय रहते पाबंद करना सुनिश्चित करें। त्यौहार में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईदगाहों, मस्जिदों में नमाज अदा की जाती है तथा परंपरागत रूप से निश्चित स्थलों पर कुर्बानी दी जाती है। उन्होंने कहा इस दौरान संबंधित अधिशासी अधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मस्जिद, नमाज स्थलों के आसपास विशेष सफाई कराकर चूने का छिड़काव कराना सुनिश्चित करें, जलापूर्ति की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। कुर्बानी के पश्चात अवशेष को उचित स्थान पर पर्याप्त संख्या में गहरा गड्डा खुदवाकर उसमें ब्लीचिंग, नमक तथा चूना डालकर उचित तरीके से ढकवा कर निस्तारण कराना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थाना अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रो में यह सुनिश्चित करेंगे कि कुर्बानी पूर्व से निर्धारित परंपरागत स्थलों पर ही की जाए, किसी भी दशा में खुले में कोई कुर्बानी नहीं की जाए। भीषण गर्मी के दृष्टिगत अपशिष्ट का डिस्पोजल व साफ सफाई बेहतर तरीके से किया जाए, नहीं तो फूड प्वाइजनिंग की खतरे की संभावना बनी रहेगी। शासन के निर्देशानुसार सड़क पर नमाज न हो।

पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थाना अध्यक्ष को निर्देश देते हुए कहा कि त्यौहार के दौरान अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहते हुए शांति व सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखें, जिससे किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न होने पाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक सवेंदनशील मामलों में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गंभीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह व ट्रैफिक पंकज कुमार, समस्त एसडीएम/सीओ,एसीएमओ सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न धर्मों के धर्मगुरू, संभ्रांत नगरिकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button