Azamgarh News: कनेक्शन लेकर बायपास से एसी चलाने वालों पर विद्युत चोरी में FIR, सघन अभियान से मचा हड़कंप

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
कनेक्शन लेकर बायपास से एसी चलाने वालों पर विद्युत चोरी में FIR, सघन अभियान से मचा हड़कंप
आजमगढ़ जनपद स्थित दिनांक 27-05-2026 को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बिलरियागंज ग्रामीण के अंतर्गत भीमबर बाजार क्षेत्र में विद्युत चोरी के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कई उपभोक्ता मीटर के पूर्व कट लगाकर सीधे (डायरेक्ट) एसी संचालित करते हुए पाए गए, जो स्पष्ट रूप से विद्युत चोरी की श्रेणी में आता है।
चेकिंग के दौरान कुल 8 उपभोक्ताओं को मीटर बायपास कर विद्युत उपभोग करते हुए पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई। इसके अतिरिक्त 2 उपभोक्ता स्वीकृत भार (सैंक्शन लोड) से अधिक विद्युत उपयोग करते पाए गए, जिनका लोड बढ़ाकर 6 किलोवाट कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि भीमबर क्षेत्र में स्थापित 250 केवीए का परिवर्तक लंबे समय से ओवरलोड चल रहा था, जिसके कारण बार-बार फ्यूज उड़ने की समस्या उत्पन्न हो रही थी और उपभोक्ताओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इस अभियान के माध्यम से अवैध विद्युत उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया गया।
अभियान का नेतृत्व उपखंड अधिकारी श्री तुषार श्रीवास्तव द्वारा किया गया। टीम में अवर अभियंता सहदेव राम, धीरेन्द्र यादव, टीजी-2 मंजय कुमार एवं शैलेंद्र यादव उपस्थित रहे।
इस सघन अभियान से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही तथा उपभोक्ताओं को विद्युत चोरी के प्रति सख्त संदेश दिया गया।



