Azamgarh news :निवेश के नाम पर ठगे गए रूपये पीड़िता को पुलिस ने कराया वापस
निवेश के नाम पर ठगे गए रूपये पीड़िता को पुलिस ने कराया वापस

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जनपद आजमगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना सिधारी की साइबर हेल्पडेस्क को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। साइबर टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से साइबर ठगी की शिकार महिला को उसकी धनराशि वापस दिलाई गई।
एक महिला द्वारा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई कि फेसबुक पर प्रदर्शित एक निवेश (इन्वेस्टमेंट) संबंधी विज्ञापन के लिंक पर क्लिक कर उसने धनराशि निवेश की थी। निवेश पर अधिक लाभ एवं ब्याज मिलने का प्रलोभन दिया गया था, किन्तु बाद में न तो कोई लाभ प्राप्त हुआ और न ही निवेश की गई धनराशि वापस मिली। स्वयं के साथ साइबर ठगी होने की जानकारी होने पर पीड़िता द्वारा तत्काल शिकायत दर्ज कराई गई।
प्राप्त शिकायत संख्या 33103260057804 के आधार पर थाना सिधारी की साइबर टीम द्वारा साइबर सेल आजमगढ़ के तकनीकी सहयोग से त्वरित कार्रवाई की गई। आवश्यक पत्राचार एवं तकनीकी प्रक्रिया पूर्ण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई कर पीड़िता की ₹20,059/- की धनराशि उसके बैंक खाते में वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने आजमगढ़ पुलिस एवं साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
साइबर सुरक्षा हेतु अपील-
जनपद आजमगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया पर प्रदर्शित आकर्षक निवेश योजनाओं, अधिक लाभ के प्रलोभन एवं अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन पूरी जानकारी एवं सत्यापन के उपरांत ही करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930, www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा अपने निकटतम पुलिस स्टेशन की साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें।



