
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
विश्व पर्यावरण दिवस पर आजमगढ़ में होगा वृहद वृक्षारोपण अभियान, जनभागीदारी से सजेंगे हरित भविष्य के सपने
आजमगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून 2026 को जिला प्रशासन एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग, आजमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में जनपद के विभिन्न स्थलों पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित। जलवायु के लिये। हमारे भविष्य के लिये।” निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश में 05 करोड़ पौधों के रोपण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जनपद में भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। सामाजिक वानिकी प्रभाग के सभी रेंजों तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में सामाजिक वानिकी प्रभाग, आजमगढ़ द्वारा एस.के.पी. स्कूल मैदान, गम्भीरवन में प्लास्टिक मुक्त भव्य वृक्षारोपण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए वृहद वृक्षारोपण के साथ-साथ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग लेंगी। कार्यक्रम में प्रभागीय निदेशक, मुख्य विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाएं तथा बड़ी संख्या में आमजन भी सहभागिता करेंगे।
प्रभागीय निदेशक ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अपने घर, विद्यालय या आसपास के क्षेत्र में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी परिवार के सदस्य की तरह देखभाल और संरक्षण करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प भी है। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान जनपद में हरित क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



