Azamgarh News:आरआई प्रमोद कुमार गौतम ने संभाला कार्यभार, बोले- जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान, सड़क सुरक्षा पर रहेगा विशेष जोर

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
आरआई प्रमोद कुमार गौतम ने संभाला कार्यभार, बोले- जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान, सड़क सुरक्षा पर रहेगा विशेष जोर
आजमगढ़ संभागीय परिवहन विभाग (आरटीओ) में लंबे समय से रिक्त चल रहे क्षेत्रीय निरीक्षक (आरआई) के पद पर गाजियाबाद से स्थानांतरित होकर आए प्रमोद कुमार गौतम ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी प्रमोद कुमार गौतम के पदभार ग्रहण करने से विभागीय कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए आरआई प्रमोद कुमार गौतम ने कहा कि विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा तथा आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। विभाग में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत और समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा तथा नियमानुसार उसका त्वरित निस्तारण कराया जाएगा।
सड़क सुरक्षा के संबंध में उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सभी नियमों का पालन करें। वाहन की फिटनेस, बीमा (इंश्योरेंस), प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखें। उन्होंने कहा कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन को भी खतरे में डालने जैसा है।
आरआई प्रमोद कुमार गौतम ने कहा कि “जीवन अमूल्य है, इसलिए सड़क पर वाहन चलाते समय सुरक्षा मानकों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।”
ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को लेकर उन्होंने बताया कि आजमगढ़ जनपद में भी जल्द ही एडीटीपी (ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक) की व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इसके लागू होने के बाद ड्राइविंग लाइसेंस पूरी तरह निर्धारित मानकों के अनुरूप ही जारी किए जाएंगे। जो आवेदक निर्धारित मानकों और परीक्षणों को पूरा नहीं कर पाएंगे, उनका लाइसेंस नहीं बन सकेगा।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से लाइसेंस प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा योग्य और प्रशिक्षित चालकों को ही लाइसेंस मिल सकेगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग आम जनता के सहयोग और सुविधा के लिए सदैव तत्पर रहेगा तथा नियमों के दायरे में रहकर हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उनके कार्यभार ग्रहण करने पर विभागीय कर्मचारियों एवं परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी खुशी व्यक्त की है।



