Azamgarh news :ऑपरेशन वज्रपात के तहत “9959 गैंग” के सदस्य को अवैध असलहा, कारतूस एवं स्कॉर्पियो वाहन सहित गिरफ्तार किया गया, एक अन्य अभियुक्त की तलाश जारी

ऑपरेशन वज्रपात के तहत "9959 गैंग" के सदस्य को अवैध असलहा, कारतूस एवं स्कॉर्पियो वाहन सहित गिरफ्तार किया गया, एक अन्य अभियुक्त की तलाश जारी

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने, आपराधिक छवि का प्रचार-प्रसार करने, युवाओं को गुमराह करने तथा समाज में भय एवं असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्रपात” चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय विभिन्न गैंगों एवं उनके सदस्यों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। अब तक कुल 76 गैंग चिन्हित किए गए हैं तथा 06 अभियोगों में 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य चिन्हित व्यक्तियों के विरुद्ध भी आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

अभियान के तहत कन्धरापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि कुछ युवक अवैध असलहों के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं तथा “9959 गैंग” के नाम से अपना वर्चस्व स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। उक्त गतिविधियों से क्षेत्र में भय एवं आक्रोश का वातावरण उत्पन्न हो रहा था।

सूचना का संज्ञान लेते हुए थाना कन्धरापुर पुलिस द्वारा वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित की गई। जांच में गोलू यादव एवं रामनगीना उर्फ नग्गू का नाम प्रकाश में आया, जिनकी तलाश की जा रही थी।

दिनांक 10.06.2026 को पुलिस टीम द्वारा मड़या-सर्विस रोड मार्ग पर घेराबंदी कर गोलू यादव को गिरफ्तार किया गया। जबकि उसका साथी रामनगीना उर्फ नग्गू अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

जनता से अपील

यदि आपके क्षेत्र में कोई व्यक्ति अथवा समूह सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संचालित कर हथियारों का प्रदर्शन कर रहा है, भय एवं आतंक का वातावरण बना रहा है, युवाओं को गुमराह कर रहा है अथवा आपराधिक गतिविधियों का प्रचार-प्रसार कर रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल अपने स्थानीय थाने अथवा जनपद पुलिस को दें।

व्हाट्सएप बॉट का माध्यम-

यदि आप सीधे थाने जाने में असमर्थ हैं अथवा गोपनीय रूप से सूचना देना चाहते हैं, तो वाराणसी जोन द्वारा संचालित आधिकारिक व्हाट्सएप बॉट नंबर 7839860411 पर अपनी शिकायत अथवा सूचना दर्ज करा सकते हैं।

पहचान गोपनीय रहेगी

सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। आपकी सुरक्षा एवं गोपनीयता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सोशल मीडिया पर पैनी नजर

आजमगढ़ पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गैंग बनाकर भय का वातावरण उत्पन्न करने, हथियारों का प्रदर्शन करने, आपराधिक छवि का प्रचार-प्रसार करने तथा रील्स एवं पोस्ट के माध्यम से दबंगई प्रदर्शित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई कर रही है।

जीरो टॉलरेंस की नीति

अपराध एवं अराजकता के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आजमगढ़ पुलिस जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सोशल मीडिया पर अपराध एवं दबंगई का महिमामंडन करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button