Azamgarh News:पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ी कार्रवाई 5 ट्रकों पर लदी अवैध लकड़ी बरामद, वन विभाग ने किया सीज

आजमगढ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ी कार्रवाई 5 ट्रकों पर लदी अवैध लकड़ी बरामद, वन विभाग ने किया सीज

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे स्थित सेंहदा टोल प्लाजा पर वन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच ट्रकों पर लदी अवैध लकड़ी बरामद की है। यह कार्रवाई 10 जून की रात लगभग 12 बजे से 1 बजे के बीच की गई।

जांच के दौरान पकड़े गए ट्रकों के चालकों ने बताया कि चार ट्रक सुल्तानपुर जनपद तथा एक ट्रक प्रतापगढ़ जनपद से आ रहे थे। अधिकारियों द्वारा वृक्षों के कटान एवं लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध अभिलेख मांगे गए, लेकिन चालक कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

वन विभाग की जांच में पाया गया कि ट्रकों पर आम, महुआ और गूलर जैसी प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ी लदी थी, जिनके लिए न तो कोई वैध अनुज्ञा पत्र था और न ही परिवहन संबंधी आवश्यक कागजात उपलब्ध थे। इसके बाद पुलिस ने सभी ट्रकों को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया।

वन विभाग ने पांचों ट्रकों को अपनी अभिरक्षा में लेते हुए भारतीय वन अधिनियम (आईएफए) की धारा 52, 66 और 69 के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार अवैध रूप से परिवहन की जा रही लकड़ी तथा उसे ढोने वाले वाहन दोनों ही वन अपराध की श्रेणी में आते हैं।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटान और लकड़ी तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button