Azamgarh News:ऐतिहासिक गुरुद्वारा की भूमि पर कब्जे के प्रयास से बढ़ा तनाव, पुलिस ने रुकवाया निर्माण कार्य

ऐतिहासिक गुरुद्वारा की भूमि पर कब्जे के प्रयास से बढ़ा तनाव, पुलिस ने रुकवाया निर्माण कार्य

प्रेम प्रकाश दुबे की रिपोर्ट

निजामाबाद आजमगढ़।निजामाबाद कस्बे में स्थितऐतिहासिक गुरुद्वारा की भूमि को लेकर गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कुछ लोगों द्वारा विवादित भूमि पर निर्माण कार्य कराए जाने की सूचना सिख समुदाय के लोगों को मिली। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया।

मामले की सूचना गुरुद्वारा के जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह को दी गई, जिसके बाद उन्होंने भी मौके पर पहुंचकर प्रशासन को अवगत कराया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निजामाबाद राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल निर्माण कार्य को रुकवा दिया।

बताया जाता है कि कस्बा निजामाबाद निवासी अफजल एवं असलम पुत्रगण कमरूद्दीन द्वारा उक्त भूमि पर निर्माण कराया जा रहा था। मौके पर दोनों पक्षों के काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया और भारी भीड़ जुट गई।

गुरुद्वारा के जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर गुरुद्वारा की भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भूमि विवाद का मामला वर्तमान में कमिश्नर न्यायालय में विचाराधीन है तथा अगली सुनवाई 18 जून को निर्धारित है। ऐसे में न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद निर्माण कार्य कराया जाना अनुचित है।

थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने दोनों पक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व विभाग के अधिकारियों की जांच एवं न्यायालय के निर्णय तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखी जाए और कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की तत्परता और हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई तथा दोनों पक्ष शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौट गए। हालांकि भूमि विवाद को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोगों की नजर अब 18 जून को होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button