Azamgarh News:मुहर्रम को लेकर जीयनपुर पुलिस सतर्क, कोतवाली प्रभारी विनय कुमार सिंह ने किया ताजिया स्थलों का निरीक्षण

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

मुहर्रम को लेकर जीयनपुर पुलिस सतर्क, कोतवाली प्रभारी विनय कुमार सिंह ने किया ताजिया स्थलों का निरीक्षण

“गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल कायम रखें, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं पर्व”

आजमगढ़ जनपद में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जीयनपुर कोतवाली प्रभारी विनय कुमार सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न ताजिया स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम सभा डोलवा, सुंदर सराय वल्लो, कर्बला अतरकच्छा सहित कई संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।

निरीक्षण के दौरान कोतवाली प्रभारी ने यह जानकारी प्राप्त की कि किन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

इस अवसर पर विनय कुमार सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम सहित सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और गंगा-जमुनी तहज़ीब की भावना के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के विवाद, अफवाह या असामाजिक गतिविधि से दूर रहें तथा कोई भी समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। कानून का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और शांति बनाए रखने में जनता का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है।

क्षेत्र के लोगों ने भी कोतवाली प्रभारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जब से विनय कुमार सिंह ने जीयनपुर कोतवाली का कार्यभार संभाला है, तब से पूरे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का माहौल कायम है। लोगों का कहना है कि उनकी सक्रियता, निष्पक्ष कार्यप्रणाली और जनसंपर्क के कारण क्षेत्र में किसी भी प्रकार की बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई है। सहयोग से सदैव शांति एवं सौहार्द का वातावरण देखने को मिलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button