Azamgarh News:योग सप्ताह के दूसरे दिन जनपदभर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
योग सप्ताह के दूसरे दिन जनपदभर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
योग सप्ताह के अंतर्गत योगासन प्रतियोगिता, पोस्टर,आयुष भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
17 जून को “आयुष ग्राम योग दिवस” के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगे योग सत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
आजमगढ़, 16 जून 2026।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में आयोजित योग सप्ताह का सफल संचालन जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। योग सप्ताह के अंतर्गत जनपदीय कार्यक्रम महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम सिलनी सहित जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खण्डों, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं।
योग सप्ताह के दूसरे दिन 16 जून को निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया तथा योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
योग सप्ताह के अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें योगासन प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, आयुष विषयक भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी एवं रंगोली प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में योग एवं आयुष पद्धति के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार प्रदान करती है। योग सप्ताह के माध्यम से जन-जन तक योग का संदेश पहुंचाया जा रहा है, जिससे अधिकाधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवन शैली अपना सकें।
योग सप्ताह के तीसरे दिन 17 जून को “आयुष ग्राम योग दिवस” के अंतर्गत जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में सामूहिक योग सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दें।



