Azamgarh News:आरम्भ फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष मनीष सोनी को मिला राष्ट्रीय सोशल इम्पैक्ट अवार्ड

आरम्भ फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष मनीष सोनी को मिला राष्ट्रीय सोशल इम्पैक्ट अवार्ड, सामाजिक सेवा के क्षेत्र में बढ़ाया जिले का मान
आजमगढ़। जनपद के सक्रिय समाजसेवी एवं आरम्भ फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष मनीष सोनी को सामाजिक सेवा एवं स्वैच्छिक रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। उन्हें लखनऊ में आयोजित “संवेदना-2 नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड समारोह-2026” में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस (इंग्लैंड) तथा निफा (NIFA) नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. बबिता सिंह चौहान, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग तथा विशिष्ट अतिथि वैश्य नटवर गोयल, राज्यमंत्री, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड ने उन्हें सम्मानित किया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन निफा संस्था द्वारा किया गया, जिसमें प्रदेशभर से समाज सेवा, स्वैच्छिक रक्तदान एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में मनीष सोनी को समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं एवं जरूरतमंद लोगों के हित में निरंतर किए जा रहे जनसेवा कार्यों तथा रक्तदान जागरूकता अभियान में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जनपद लौटने पर मनीष सोनी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का है, जो निस्वार्थ भाव से समाजहित के कार्यों में निरंतर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा का उद्देश्य पुरस्कार या पहचान प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना होना चाहिए।
उन्होंने यह सम्मान जनपद की जनता, आरम्भ फाउंडेशन की पूरी टीम तथा उन सभी लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने उनके सामाजिक अभियानों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग दिया।
मनीष सोनी की इस उपलब्धि पर जनपद के सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे आजमगढ़ जनपद के लिए गौरव का विषय भी है। :::



