Azamgarh News:छत के रास्ते घर में घुसे चोर, 25 लाख के जेवर व 40 हजार नकदी पर हाथ साफ

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

छत के रास्ते घर में घुसे चोर, 25 लाख के जेवर व 40 हजार नकदी पर हाथ साफ

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के इटौरा दयाल गांव में रविवार रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए छत के रास्ते घर में प्रवेश कर करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 40 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

जानकारी के अनुसार, सतेंद्र पटेल पुत्र स्वर्गीय दूधनाथ पटेल के घर में रविवार रात परिवार की तीन महिलाएं बरामदे में सो रही थीं, जबकि एक किशोर छत पर बने कमरे में सोया था। सोमवार तड़के करीब चार बजे एक महिला की नींद खुली तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पीछे की ओर जाकर खिड़की से घर में प्रवेश किया गया, जहां कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर बिलरियागंज पुलिस ने जांच शुरू की। घर के पीछे स्थित बाग में कुछ दूरी पर चोरों द्वारा फेंके गए बक्से और अटैची बरामद हुए। परिजनों का आरोप है कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर पीछे के रास्ते फरार हो गए।

पीड़ित परिवार के अनुसार चोर तीन सोने की अंगूठियां, तीन सोने की चेन, नथिया, मांगटीका, मंगलसूत्र, चार जोड़ी चांदी की पायल सहित करीब 25 लाख रुपये के आभूषण तथा 40 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए।

थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि एक महिला का आभूषण घर के छज्जे पर मिला है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button