Azamgarh News:सरायमीर में गोकशी की सूचना पर पुलिस की मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग करने वाला बदमाश घायल; तीन गिरफ्तार, 23.7 किलो गोमांस बरामद
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
सरायमीर में गोकशी की सूचना पर पुलिस की मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग करने वाला बदमाश घायल; तीन गिरफ्तार, 23.7 किलो गोमांस बरामद
आजमगढ़ सरायमीर थाना क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर कार्रवाई के दौरान मंगलवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त औजार तथा 23.700 किलोग्राम गोवंशीय मांस बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे गोवध व गो-तस्करी विरोधी अभियान के तहत डायल-112 से सूचना मिली कि खासडीह बरईपुर बड़ी नहर के पास कुछ लोग गोवंश का वध कर उसका मांस बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी मांस से भरी बोरियां छोड़कर भागने लगे।
पुलिस के पीछा करने पर मेराज उर्फ साजिद खान ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद दोबारा फायर करने का प्रयास करने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया, जबकि गालिब और शहजाद को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी अरहम के साथ सुनसान स्थान पर गोवंश का वध कर आसपास के गांवों में मांस बेचते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर गोकशी में प्रयुक्त लकड़ी का ठीहा, चार चाकू, दो चापड़ तथा 23.700 किलोग्राम गोवंशीय मांस बरामद किया। पशु चिकित्साधिकारी ने प्रथम दृष्टया बरामद मांस को प्रतिबंधित पशु का मांस बताया है।
पुलिस ने मेराज उर्फ साजिद के खिलाफ बीएनएस, आयुध अधिनियम और उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों के विरुद्ध भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी अरहम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।



