Azamgarh News:दो दिन से लापता किसान का मिला शव
दो दिन से लापता किसान का मिला शव
रिपोर्ट : कमलाकांत शुक्ल, महराजगंज (आजमगढ़)
स्थानीय थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता दोयम गांव से दो दिन पूर्व लापता एक किसान का शव मंगलवार सुबह महुला-गढ़वल बांध के किनारे, नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम स्थित औघड़गंज बाजार से लगभग 100 मीटर पूर्व नदी के किनारे मिला ।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का शिनाख्त करने का प्रयास किया तो उसकी पहचान जयप्रकाश यादव (42) पुत्र गुलाब निवासी ग्राम नौबरार देवारा जदीद किता दोयम के रूप में हुई । तत्पश्चात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । स्वजनों के अनुसार मृतक गत 12 जुलाई को घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा । काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा तो अगले दिन देवारांचल पुलिस चौकी पर गुमशुदगी दर्ज कराई गयी । इसी बीच मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे महुला-गढ़वल बांध स्थित नदी किनारे एक शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी । मौके पर पहुंची महराजगंज पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया जिसकी पहचान जयप्रकाश यादव के रूप में हुई ।
उक्त जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया तथा ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जुट गई । जयप्रकाश चार भाइयों में सबसे बड़े थे और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे । उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा । स्थानीय पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा । फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है ।



