Azamgarh News:पुरानी जेल परिसर के पास मिला कटा मानव पैर, शहर में मचा हड़कंप; मेडिकल वेस्ट या अपराध, जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
पुरानी जेल परिसर के पास मिला कटा मानव पैर, शहर में मचा हड़कंप; मेडिकल वेस्ट या अपराध, जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़ शहर कोतवाली से कुछ ही दूरी पर स्थित पुरानी जेल परिसर के पास मंगलवार को एक कटा हुआ मानव पैर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बीच शहर में मानव अंग मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। कटे हुए पैर के अलावा शरीर का कोई अन्य हिस्सा बरामद नहीं हो सका। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद मानव पैर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पास स्थित डंपिंग यार्ड में नगरपालिका की गाड़ियों से अस्पतालों का मेडिकल कचरा डाला जाता है। आशंका जताई जा रही है कि यह मानव पैर मेडिकल वेस्ट का हिस्सा हो सकता है, जिसे कोई आवारा जानवर खींचकर सड़क किनारे ले आया हो।
वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इसे किसी गंभीर आपराधिक घटना से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि अभी तक ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है जिससे हत्या या किसी अन्य अपराध की पुष्टि हो सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले में अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



