Azamgarh News:बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त” : मिशन सेफ फ्यूचर के तहत 9 स्कूल वाहन सीज, 16 का चालान

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
“बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त” : मिशन सेफ फ्यूचर के तहत 9 स्कूल वाहन सीज, 16 का चालान
आजमगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एआरटीओ अतुल यादव ने मंगलवार को ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत जिले में स्कूल वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 16 स्कूल वाहनों का चालान किया गया, जबकि 9 स्कूल वाहनों को सीज कर उनके संचालकों पर करीब दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
सीज किए गए वाहनों को रानी की सराय, सरायमीर, दीदारगंज, मार्टीनगंज और बरदह थानों में खड़ा कराया गया है।
एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। बिना फिटनेस, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों या नियमों की अनदेखी कर चलने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने स्कूल संचालकों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें। बच्चों की सुरक्षित यात्रा केवल कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि नैतिक दायित्व भी है। थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है, इसलिए बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।



