आजमगढ़:मारपीट का वीडियो वायरल
The video of the fight in Atraulia went viral, a case was registered against five candidates.

अतरौलिया/आजमगढ़;अतरौलिया क्षेत्र के सेनपुर गांव में जमीनी (आबादी) विवाद को लेकर हुई 2 दिन पूर्व मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, सेनपुर निवासी रामबली पुत्र हुबलाल ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 23 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि नीरज, अभिषेक, शनि (तीनों पुत्र मेवालाल), विक्की पुत्र शिवदास तथा शिवकुमार पुत्र पन्नालाल ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में रामबली की पुत्री नीतू, पुत्र पवन तथा पुत्री रीता घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नीतू और पवन के सिर में गहरी चोटें आईं, जिनके उपचार के दौरान चार से पांच टांके लगाए गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पांचों नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



