Azamgarh news :आजमगढ़ में अंतर्जनपदीय पशु चोरों और पुलिस की गोलीबारी में दो को लगी गोली चार गिरफ्तार
आजमगढ़ में अंतर्जनपदीय पशु चोरों और पुलिस की गोलीबारी में दो को लगी गोली चार गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में 02 बदमाश घायल, कुल 04 अभियुक्त गिरफ्तार, 03 चोरी की भैंसें, 01 पिकअप वाहन, 01 मोटरसाइकिल, 02 अवैध असलहा, कारतूस एवं खोखा कारतूस के साथ 7000/- रुपये नगद एवं नकदी बरामद
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पशु चोरी की घटनाओं के प्रभावी अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना बरदह एवं थाना दीदारगंज पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। दोनों थाना क्षेत्रों में दर्ज पशु चोरी के अभियोगों का सफल अनावरण करते हुए अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह के विरुद्ध दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में कुल 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 02 अभियुक्त पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए, जबकि 02 अभियुक्त अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गये, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
दिनांक 27/28.07.2026 की रात्रि थाना दीदारगंज पुलिस द्वारा सूचना के आधार पर शारदा नहर स्थित सुघरपुर पुलिया के पास घेराबंदी की गई। बिना नम्बर प्लेट की पिकअप को रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षार्थ की गई नियंत्रित जवाबी कार्रवाई में राशिद पुत्र महबूदिल निवासी थाना हंसवर, जनपद अम्बेडकर नगर घायल हो गया तथा अशफाक उर्फ मोनू पुत्र शौकत अली निवासी थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ गिरफ्तार किया गया। एक अभियुक्त उमर अली उर्फ नन्हकू फरार हो गया। मौके से एक देशी तमंचा .315 बोर, कारतूस एवं एक पिकअप वाहन बरामद किया गया तथा अभियुक्त अशफाक की निशानदेही पर चोरी की एक भैंस बरामद की गई।
इसी क्रम में दिनांक 27/28.07.2026 को थाना बरदह पुलिस को सूचना मिली कि पशु चोरी करने वाले अभियुक्त मोटरसाइकिल एवं पिकअप से आ रहे हैं। ग्राम कोदहरा के पास पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की नियंत्रित जवाबी कार्रवाई में फिरोज पुत्र खदेरु निवासी थाना अकबरपुर, जनपद अम्बेडकर नगर घायल हो गया तथा जुबैर पुत्र शोएब निवासी थाना गम्भीरपुर, जनपद आजमगढ़ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त रिंकू यादव अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। मौके से एक तमंचा .315 बोर, कारतूस, ₹7,000 नकद (चोरी की भैंस बेचने से प्राप्त), एक मोटरसाइकिल बरामद हुई तथा अभियुक्त जुबैर की निशानदेही पर चोरी की दो भैंसें बरामद की गईं।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न जनपदों में रेकी कर रात्रि में भैंसों की चोरी करते थे तथा चोरी के पशुओं को व्यापारियों के माध्यम से बेचकर धनराशि आपस में बांट लेते थे। अभियुक्तों ने थाना बरदह, दीदारगंज, महाराजगंज एवं कप्तानगंज क्षेत्रों सहित कुल 05 घटनाओं (पशु चोरी) में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
मुठभेड़ में घायल अभियुक्त-
1- फिरोज पुत्र खदेरु निवासी- ग्राम मुरारपुर थाना अकबरपुर जनपद अम्बेडकर नगर उम्र करीब- 40 वर्ष । (थाना बरदह मुठभेड में घायल)
2- राशिद पुत्र महबूदिल निवासी ग्राम हसवर थाना हसवर जनपद अम्बेडकर नगर उम्र करीब 25 वर्ष । (थाना दीदारगंज मुठभेड़ में घायल)
गिरफ्तार अभियुक्त
1- जुबैर पुत्र शोयेब निवासी- मुहम्मदपुर भिटिया थाना गम्भीरपुर, जनपद आजमगढ़ उम्र करीब- 33 वर्ष । (थाना बरदह से)
2- अशफाक उर्फ मोनू पुत्र शौकत अली निवासी हसनाडीह थाना अहरौला जनपद आजमगढ़ उम्र करीब 42 वर्ष ।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर संबंधित थानों पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



