Azamgarh news :नगर निकायों में अपशिष्ट प्रबन्धन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समीक्षा बैठक सम्पन्न

नगर निकायों में अपशिष्ट प्रबन्धन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समीक्षा बैठक सम्पन्न

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, एमआरएफ सेंटर, फीकल स्लज एवं सेफ्टेज मैनेजमेंट तथा ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन की हुई समीक्षा

 

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

नगर निकायों में अपशिष्ट प्रबन्धन नियम-2026 के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय संजीव ओझा की उपस्थिति में जनपद के समस्त नगर निकायों में अपशिष्ट प्रबन्धन से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि गजट का 15 दिन के भीतर प्रकाशन सुनिश्चित करते हुए उसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नगर निकायों में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबन्धन की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाया जाए तथा कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।

बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत घरों एवं प्रतिष्ठानों से नियमित कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कूड़े के स्रोत पर पृथक्करण, संग्रहण एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही नगर निकायों में स्थापित एवं प्रस्तावित एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटरों, फीकल स्लज एवं सेफ्टेज मैनेजमेंट, ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन, कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था तथा स्वच्छता संबंधी अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबन्धन एवं निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तथा नगर क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की जाए।

बैठक में डेडिकेटेड कंट्रोल रूम की व्यवस्था एवं उसके संचालन की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से इसकी मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न मानकों की भी समीक्षा करते हुए नगर निकायों को स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूत करने, जनभागीदारी बढ़ाने तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निकायों में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबन्धन केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे नियमित व्यवस्था के रूप में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय संजीव ओझा, जनपद के समस्त अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button