Azamgarh News:ठेकमा में अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
ठेकमा में अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना अंतर्गत ठेकमा बाजार के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरेश राम (56 वर्ष) पुत्र रामपति राम, निवासी ग्राम व पोस्ट सरायमोहन, थाना बरदह, शुक्रवार को साइकिल से ठेकमा बाजार सामान खरीदने गए थे। दोपहर करीब 2:45 बजे बाजार से घर लौटते समय दुर्गा मंदिर, सरायमोहन के पास पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल, आजमगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के पुत्र प्रवीण सरोज ने बरदह थाने में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।



