Azamgarh News:जन्मदिन पर विधायक नफीस अहमद ने मांगी देश-प्रदेश की खुशहाली की दुआ, बोले- पत्रकारों के हित में सदन में उठाऊंगा आवाज

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

जन्मदिन पर विधायक नफीस अहमद ने मांगी देश-प्रदेश की खुशहाली की दुआ, बोले- पत्रकारों के हित में सदन में उठाऊंगा आवाज

आजमगढ़ जनपद स्थित गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नफीस अहमद का शुक्रवार को जन्मदिन उनके शहर स्थित आवास पर बेहद आत्मीय और भावुक माहौल में मनाया गया। जन्मदिन के इस खास मौके पर सगे-संबंधियों, शुभचिंतकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधायक को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। केक काटकर एक-दूसरे को खिलाते हुए कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर विधायक नफीस अहमद ने अपने जन्मदिन को व्यक्तिगत उत्सव के बजाय समाज और देश के लिए समर्पित करते हुए देश, प्रदेश और समाज में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए ईश्वर से दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनके लिए सबसे बड़ा जन्मदिन का तोहफा है। वह सदैव क्षेत्र की जनता की सेवा और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

जन्मदिन समारोह के दौरान पत्रकारों के हितों पर चर्चा करते हुए विधायक नफीस अहमद ने कहा कि आज पत्रकार विषम परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनके हितों को लेकर सरकार की ओर से अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के स्वास्थ्य बीमा से लेकर कैशलेस इलाज तक की व्यवस्था में सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

विधायक ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज की समस्याओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उनके हितों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर वह विधानसभा में प्रश्न उठाएंगे और पत्रकारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं की मांग करेंगे।

इस दौरान आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। सगे-संबंधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने विधायक नफीस अहमद को फूल-माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पूरा माहौल आत्मीयता, खुशी और अपनत्व से सराबोर रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button