Azamgarh News:जनवरी से वेतन बकाया, आउटसोर्सिंग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने सीएमओ से लगाई गुहार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
जनवरी से वेतन बकाया, आउटसोर्सिंग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने सीएमओ से लगाई गुहार
छह माह से वेतन न मिलने से आर्थिक संकट, अविलंब भुगतान की मांग
आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नन्हकू राम वर्मा से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आउटसोर्सिंग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने जनवरी 2026 से अब तक बकाया वेतन का भुगतान न होने पर मुख्य चिकित्साधिकारी से गुहार लगाई है। कर्मचारियों ने सोमवार को प्रार्थना पत्र देकर बकाया वेतन का जल्द भुगतान कराने की मांग की।
अवनी परिधि एनर्जी एंड कम्यूनिकेशन प्रा. लि. उत्तर प्रदेश के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत समस्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि जनवरी 2026 से उनका वेतन बकाया चल रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन भुगतान के संबंध में अब तक विभाग की ओर से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है।
कर्मचारियों ने पत्र में कहा कि वे सभी अल्पवेतनभोगी श्रेणी में आते हैं और लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार के भरण-पोषण सहित अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में उन्हें मजबूर होकर विभाग के समक्ष वेतन भुगतान के लिए प्रार्थना पत्र देना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्साधिकारी से आर्थिक परेशानी को देखते हुए जनवरी 2026 से लंबित वेतन का अविलंब भुगतान कराने की कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करेगा। इस मौके पर दर्जनों कर्मचारी उपस्थित रहे।



