Azamgarh News:जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी की बैठक सीएमओ की अध्यक्षता मंे हुई सम्पन्न*
*जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी की बैठक सीएमओ की अध्यक्षता मंे हुई सम्पन्न*
*जनपद के सभी सोनोग्राफी सेन्टरों पर नामित डाक्टर की नाम व डिग्री सहित बड़ी सी फोटो 15 दिन के अन्दर लगाना करें सुनिश्चित- सीएमओ*
*अभियान चलाकर विभिन्न बिन्दुओं पर जनपद के सभी सोनोग्राफी/डायग्नोस्टिक सेन्टरों की टीम द्वारा की जायेगी जांच*
आजमगढ़, 10 अगस्त 2026/
जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी की बैठक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एनआर वर्मा की अध्यक्षता मंे सीएमओ सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में प्यारी बिटिया पोर्टल पर पंजीकरण, नवीनीकरण, नियम 13 हेतु प्राप्त आवेदनों एवं अन्य बिन्दुओं पर विचार- विमर्श किया गया।
सीएमओ ने बताया कि गर्भाधान पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम का उद्देश्य गर्भाधान से पहले या बाद में लिंग चयन तकनीकों के उपयोग पर रोक लगाना और लिंग चयनात्मक गर्भपात के लिए प्रसव पूर्व निदान तकनीकों के दुरूपयोग को रोकना है। अल्ट्रासाउण्ड चेकअप कराना जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत एक संवेदनशील क्रिया है, इसमें लापरवाही व दुरूपयोग को रोकने के दृष्टिगत सीएमओ ने जनपद में संचालित सभी सोनोग्राफी/डायग्नोस्टिक सेन्टर के डाक्टरों व संचालकों को सख्त निर्देशित किया कि नामित/योजित चिकित्सक की बड़ी सी फोटो, नाम व डिग्री सहित अगले 15 दिनों के अन्दर सेन्टर के केन्द्र में लगाना सुनिश्चित करें, जिससे अल्ट्रासाउण्ड कराये आये मरीज को यह पता चल सके कि उसका अल्ट्रासाउण्ड कौन डाक्टर कर रहा है। सीएमओ ने बताया कि 15 दिन बाद जिलाधिकारी के निर्देशन में गठित जांच टीम द्वारा जनपद के सभी अल्ट्रासाउण्ड सेन्टरों की विभिन्न आयामों पर जांच की जायेगी। जांच में यदि अल्ट्रासाउण्ड सेन्टर में कोई कमी या नामित चिकित्सक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति द्वारा अल्ट्रासाउण्ड करते हुए पाया जायेगा तो अल्ट्रासाउण्ड सेन्टर सीज करते हुए संचालक व नामित डाक्टर पर विधिक कार्यवाही की जायेगी।
सलाहकार समिति के सदस्य/जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार ने बताया कि भू्रण के लिंग निर्धारण के लिए प्रसव पूर्व निदान तकनीकों का उपयोग करके कन्या भू्रण हत्या को रोकने के उद्देश्य से 1994 मे पीसी-पीएनडीटी अधिनियम लागू किया गया था, जिसका उद्देश्य कन्या भू्रण हत्या पर रोक लगाना था।
बैठक में 05 डायग्नोस्टिक सेन्टरों के नवीनीकरण, 09 नवीन पंजीकरण, 05 चिकित्सक परिवर्तन के पत्रावलियों का विभिन्न बिन्दुओं व आयामों पर जांच किया गया।
बैठक में सदस्य एसके विमल बाल रोग विशेषज्ञ, मण्डलीय जिला चिकित्सालय सहित अन्य सदस्यगण, अल्ट्रासाउण्ड संचालक व नामित चिकित्सक उपस्थित रहे।



