Azamgarh News:बरदह बाजार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र*
*बरदह बाजार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र*
ठेकमा (आजमगढ़)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मंगलवार को बरदह बाजार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। शिवा पब्लिक स्कूल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में छोटे-बड़े बच्चे, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के लोग शामिल हुए। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में तिरंगा लहराता नजर आया और पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शिवा पब्लिक स्कूल से हुआ। यात्रा बरदह बाजार से होते हुए खराट मोड़ तक पहुंची। इसके बाद बरदह ब्रह्मा बाबा स्थान पर पहुंचकर यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। सड़कों पर हाथों में तिरंगा लिए लोगों की लंबी कतार दिखाई दे रही थी।
तिरंगा यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पूर्व डीसीएफ चेयरमैन चंदेश्वर राय, शिवा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक विवेकानंद राय, लालगंज भाजपा नेत्री अंजना सिंह, मंडल अध्यक्ष शरद राय, पूर्व मंडल अध्यक्ष बृजेश राय,विपुल राय ,दीपू राय,आद्या प्रसाद दुबे ,सुनील सिंह, श्रीविलास राय, मनीष राय, गोपाल राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे। बरदह इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे यात्रा की भव्यता और बढ़ गई।
यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के भी इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी पूरे मार्ग पर तैनात रहे और यात्रा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व डीसीएफ चेयरमैन चंदेश्वर राय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बरदह में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के गौरव और सम्मान का प्रतीक है। यात्रा में जिस तरह से लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया, उससे देशभक्ति की अलग ऊर्जा देखने को मिली। तिरंगा यात्रा का दृश्य बेहद भव्य और दिव्य रहा।



