Azamgarh News:श्री राम जानकी मंदिर जोकहरा में शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
श्री राम जानकी मंदिर जोकहरा में शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव
आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत जोकहरा गांव के श्री राम जानकी मंदिर में श्री शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों का आयोजन 20 अगस्त से 27 अगस्त तक किया गया है। इस दौरान पूज्य गुरु विशम्भर दास की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
आयोजकों के अनुसार महोत्सव के तहत 20 अगस्त को कलश यात्रा निकाली गई। 21 अगस्त को देव स्थापना एवं जलाधिवास हुआ, 22 अगस्त को अनाधिवास हुआ, 23 अगस्त को वस्त्राधिवास संपन्न हुआ, 24 अगस्त को फलाधिवास एवं पुष्पाधिवास का आयोजन होगा। 25 अगस्त को नगर भ्रमण एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 26 अगस्त को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी।
महोत्सव के अंतिम दिन 27 अगस्त को पूर्णाहुति, प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस पूरे कार्यक्रम में समस्त क्षेत्र वासियों और ग्राम वासियों का सहयोग है। उपस्थित विद्वान ब्राह्मणों द्वारा धार्मिक अनुष्ठानों में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-पाठ और हवन आदि के माध्यम से वातावरण भक्तिमय हो गया है।
आयोजकों ने कहा कि यह महोत्सव क्षेत्र के लिए आध्यात्मिक एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सभी श्रद्धालु इस पावन आयोजन में सपरिवार शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें और गुरु विशम्भर दास की प्रतिमा के अनावरण के साक्षी बनें।



