Azamgarh News:लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का आजमगढ़ में हुआ सजीव प्रसारण

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का आजमगढ़ में हुआ सजीव प्रसारण

रक्षाबंधन पर 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं को सहयात्री सहित निशुल्क बस यात्रा की सौगात

आजमगढ़, 26 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का बुधवार को आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, सीडीओ राकेश कुमार पटेल, एडीएम गंभीर सिंह सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जनपद की 500 महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान सप्रेम भेंट किया गया। इस दौरान मातृशक्ति के सम्मान और महिला सशक्तीकरण को लेकर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। योजना का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा गया है, जो महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण की प्रेरणास्रोत रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त 2026 को सभी माताओं, बहनों एवं बेटियों को एक सहयात्री के साथ यूपीएसआरटीसी एवं सिटी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने मातृशक्ति को इस सुविधा का लाभ उठाकर मनचाही यात्रा करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की 8,000 न्याय पंचायतों में डिजिटल एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें 50 प्रतिशत डिजिटल एंटरप्रेन्योर महिलाएं होंगी। साथ ही मिशन शक्ति, एआई आधारित सेफ सिटी नेटवर्क, 1090 और 112 जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से बेटियों एवं महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, एमएलसी विजय बहादुर पाठक एवं जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने मुख्यमंत्री की पहल का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ‘मातृशक्ति का सम्मान, नि:शुल्क यात्रा का उपहार’ सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है।

कार्यक्रम में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेई, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कुंवर हरिओम श्रीवास्तव एवं अजय सिंह, एआरटीओ अतुल यादव, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button