Azamgarh News:इन्फ्लूएंजा-ए को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, आजमगढ़ में अभी तक कोई पुष्ट मामला नहीं
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
इन्फ्लूएंजा-ए को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, आजमगढ़ में अभी तक कोई पुष्ट मामला नहीं
आजमगढ़। इन्फ्लूएंजा-ए (H1N1)/स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। महानिदेशालय से प्राप्त एडवाइजरी के क्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने जिले के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सा इकाइयों को निगरानी एवं आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ ने बताया कि आजमगढ़ में अभी तक इन्फ्लूएंजा-ए (H1N1)/स्वाइन फ्लू का कोई पुष्ट अथवा संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संभावित मामलों की पहचान, जांच एवं उपचार के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के कारण सामान्य वायरल संक्रमण भी हो रहे हैं, जिनमें बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी और बदन दर्द जैसे लक्षण हो सकते हैं। इसलिए हर वायरल बीमारी को स्वाइन फ्लू से जोड़कर देखना उचित नहीं है। बीमारी की पुष्टि चिकित्सकीय जांच और निर्धारित प्रोटोकॉल के आधार पर ही की जाएगी।
सीएमओ ने लोगों से अपील की कि बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय परामर्श लें। खांसते और छींकते समय मुंह-नाक ढकें, हाथों की स्वच्छता रखें तथा अस्वस्थ होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। उन्होंने कहा कि सावधानी जरूरी है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने निजी चिकित्सकों और स्वास्थ्य संस्थानों को भी निर्देशित किया है कि केवल लक्षणों के आधार पर किसी मरीज में H1N1 की पुष्टि या घोषणा न करें। संदिग्ध प्रकरण मिलने पर तत्काल मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के संक्रामक रोग नियंत्रण प्रकोष्ठ को सूचना देकर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीएमओ ने जनपदवासियों से सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं से बचने और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए केवल अधिकृत चिकित्सा स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है।



