आजमगढ़:करंट लगने से दुकानदार युवक की मौत, मचा कोहराम
Azamgarh: Young shopkeeper dies due to electric shock, chaos ensues

ठेकमा/आजमगढ़’ बिजौली स्थित अपनी दुकान के बेसमेंट में बिजली ठीक करते समय करंट लगने से सर्वेश गुप्ता पुत्र स्व. श्यामनारायण गुप्ता की शुक्रवार को मौत हो गई।जानकारी के अनुसार बेसमेंट में पानी भरा हुआ था, जिसमें बिजली का करंट उतर गया था। उसकी चपेट में आने से सर्वेश गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।परिजनों के अनुसार सर्वेश शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे घर से बिजौली स्थित अपनी दुकान के लिए निकले थे। दोपहर करीब ढाई बजे तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजन मौके पर पहुंचे तो आसपास के लोग भी जुट गए।सूचना पर ठेकमा पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र पटेल और पंकज यादव सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौकी प्रभारी राजेंद्र पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत की बात सामने आई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।बताया गया कि सर्वेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सदीपुर गांव में भी शोक की लहर है।



