आजमगढ़ में स्कूली बच्चों की जान से खिलवाड़,नशे में बस चला रहा था ड्राइवर
Azamgarh: School children's lives endangered by drunk driver driving bus

नशे में स्कूली बच्चों को ले जा रहा था बस चालक, बस सीज और लाइसेंस निरस्त
आजमगढ़, 3 सितंबर(आर एन एस)करतालपुर तिराहा के पास गुरुवार को शराब के नशे में स्कूली छात्र-छात्राओं को बस में लेकर जा रहे चालक को यातायात पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित दूसरे वाहन से उनके घर पहुंचाया। वहीं, मामले में स्कूल बस को सीज कर दिया गया और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराया गया।जानकारी के अनुसार, स्कूल बस संख्या UP50ET4703 का चालक शराब के नशे में बच्चों को लेकर जा रहा था। सूचना मिलने पर निरीक्षक यातायात पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। चालक की स्थिति को देखते हुए बस में सवार छात्र-छात्राओं को संबंधित विद्यालय के दूसरे वाहन से सुरक्षित उनके घर भेजा गया।मौके पर एआरटीओ आजमगढ़ को बुलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। चालक का ड्रंक एंड ड्राइव में चालान किया गया तथा उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराया गया। स्कूल बस को सीज कर थाना कंधरापुर परिसर में खड़ा करा दिया गया।पुलिस के अनुसार, संबंधित शिक्षण संस्थान के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेज दी गई है। घटना के बाद स्कूल वाहनों के संचालन और चालकों की जांच को लेकर यातायात व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।



