Azamgarh news :वृहद रोजगार मेले में 1628 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में हुआ शॉर्टलिस्ट
वृहद रोजगार मेले में 1628 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में हुआ शॉर्टलिस्ट

40 प्रतिष्ठित कंपनियों ने किया प्रतिभाग, 3276 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ के तत्वावधान में आज श्री गांधी पीजी कॉलेज, मालटारी, आजमगढ़ में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ महाविद्यालय के कार्यवा0 प्राचार्य प्रो. कैलाश नाथ गुप्त द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 40 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें एलएंडटी, एफआरएफ टायर, एनएसडीसी, टाटा मोटर्स, हिण्डाल्को, एसआईएस, श्रीराम पिस्टन, फ्लिपकार्ट सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल रहीं। इन कंपनियों द्वारा युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक एवं परास्नातक शैक्षिक योग्यता रखने वाले युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अभ्यर्थियों को बैंक ऑफिसर, सुपरवाइजर, सेल्स एग्जिक्यूटिव, सिक्योरिटी गार्ड, डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। इसके साथ ही विदेश में रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
रोजगार मेले में कुल 3276 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों द्वारा चयन प्रक्रिया के उपरांत 1628 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता से परिसर में उत्साह का माहौल रहा। युवाओं ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर पहुंचकर रोजगार के अवसरों, पदों, वेतन एवं चयन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।मेले के सफल आयोजन एवं प्रतिभागी युवाओं के उत्साहवर्धन के लिए मा. ब्लॉक प्रमुख मनीष कुमार मिश्र द्वारा दूरभाष के माध्यम से शुभकामना संदेश दिया गया।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में श्री गांधी पीजी कॉलेज, मालटारी के समस्त प्राध्यापकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इसके साथ ही क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ के सहायक निदेशक राममूर्ति, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड, अनुदेशक अवधेष कुमार सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर मेले के संचालन एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत आयोजित इस वृहद रोजगार मेले के माध्यम से जनपद के बड़ी संख्या में युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। 3276 पंजीकरण एवं 1628 अभ्यर्थियों के शॉर्टलिस्ट होने से रोजगार मेले की सफलता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।



